मुंडन समारोह में शामिल होने आई एक पांच साल की बच्ची से उसी गांव के एक साइको पुरुष नचनियां(लौंडा) ने दुष्कर्म का प्रयास किया। हालांकि ऐन मौके पर बच्ची के पिता वहां पहुंचकर बच्ची को बचा लिया। लेकिन इस दौरान आरोपी ने बच्ची के पिता पर डायगर से हमला कर दिया। घटना सदर थाना क्षेत्र के भर्राही ओपी के मानपुर गोढियारी गांव में शनिवार की देर रात को हुई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से पकड़कर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया। बताया गया कि पूर्णिया जिले के धरहरा गांव की बच्ची का ननिहाल सदर थाना क्षेत्र के भर्राही ओपी के मानपुर गोढियारी गांव में है। उसके ननिहाल में शनिवार को बालकों के मुंडन था। इसमें शामिल होने के लिए बच्ची अपने माता-पिता के साथ आई हुई थी। मुंडन में धार्मिक नाच का भी आयोजन किया गया था। जिसमें अन्य पुरुष नचनियां के साथ गांव का ही पुरुष नचनियां सुनील मुखिया ने भी प्रस्तुति दी थी। भोज खाकर सभी लोग सो गए। इस बीच रात करीब 2 बजे बच्ची के पिता की नींद खुली, तो बच्ची नहीं थी। इसके बाद बच्ची को खोजा जाने लगा, तो पास के ही एक खेत में मिली।
दुष्कर्म मामले में ही जमानत पर आया था बाहर
बताया जा रहा है पुरुष नचनियां (लौंडा डांसर) सुनील मुखिया ने वर्ष 2019 में भी गांव की ही एक पांच की ही बच्ची से दुष्कर्म किया था। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट भी दाखिल कर दिया था। जिसमें वह कुछ दिन पूर्व ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर निकलने के बाद लोगों को लगा कि सुनील में अब बदलाव आ गया होगा, लेकिन शनिवार की रात को जब उसने दोबारा गांव में घटना को अंजाम दिया, तो लोगों का गुस्सा भड़क गया। बताया गया कि आरोपी की पत्नी का निधन 4-5 साल पहले हो गया है।
बेटी का हाथ, पैर और मुंह कपड़े से बंधा हुआ था
पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि जब वह खेत की ओर गया तो देखा कि उनकी बेटी का हाथ, पैर और मुंह कपड़े से बंधा हुआ था। गांव का ही नचनियां सुनील मुखिया उसके साथ गंदी हरकत कर रहा था। जब बच्ची के पिता ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने बोला कि उस बच्ची को वह बाहर से लाया है। बच्ची को छुड़ाने के दौरान सुनील मुखिया ने उसके पिता पर चाकू से हमला भी कर दिया। इसके बाद हल्ला होने पर आसपास से सैकड़ों लोग वहां जमा हो गए। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से बच्ची को छुड़ाया गया और सुनील मुखिया को पकड़ा गया। इस दौरान घटना से आक्रोशित लोगों ने सुनील की जमकर पिटाई भी की। बच्ची के पिता का कहना था कि आरोपी के पास डायगर और हथियार भी था। ऐसा लग रहा था कि दुष्कर्म के बाद डायगर से बच्ची का हत्या करने की तैयारी में था।
नाच मंडली में करता है काम
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी सुनील, गांव के ही एक नाच मंडली में पुरुष नचनियां (नटुआ) का काम करता है। बीती रात मुंडन में भी नाचने आया था। जब ग्रामीणों ने सुनील को पकड़ा तो उसकी जमकर पिटाई हुई और सुबह पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
आरोपी चार्जशीटेड है
बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में ही इसी तरह का केस दर्ज कराया गया था। जिसमें वह चार्जशीटेड है।
-उमेश कुमार, ओपी अध्यक्ष, भर्राही